युवाओं को आधुनिक तकनीकी कौशल से जोड़कर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), बालाघाट में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY 4.0) के अंतर्गत ‘जूनियर डेटा एनालिस्ट-फाइनेंशियल सर्विसेज’ पाठ्यक्रम शुरू किया जा रहा है। इसके लिए पंजीयन प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इच्छुक युवा 4 अक्टूबर 2026 तक अपना पंजीयन करा सकते हैं।
प्रशिक्षण का नया बैच 5 अक्टूबर 2026 से प्रारंभ होगा।आईटीआई बालाघाट की प्राचार्य श्रीमती सपना रहांगडाले ने बताया कि इस पाठ्यक्रम के माध्यम से बैंकिंग एवं वित्तीय सेवा क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं को वित्तीय डेटा प्रबंधन सहित आधुनिक डिजिटल टूल्स का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान एडवांस एक्सेल, पावर बीआई (Power BI) और एसक्यूएल (SQL) जैसे तकनीकी टूल्स का उपयोग सिखाया जाएगा।
इससे युवाओं को डेटा के विश्लेषण, प्रबंधन एवं प्रस्तुतीकरण से संबंधित व्यावहारिक दक्षता विकसित करने का अवसर मिलेगा।प्रशिक्षण में प्रवेश के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास निर्धारित की गई है। इसके अलावा 10वीं अथवा 11वीं के साथ कार्य अनुभव रखने वाले अभ्यर्थी भी निर्धारित पात्रता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।
अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए।इच्छुक युवा Skill India Digital Hub (SIDH) पोर्टल पर जाकर इस पाठ्यक्रम के लिए पंजीयन कर सकते हैं। इसके लिए पोर्टल पर उपलब्ध पाठ्यक्रमों में बालाघाट का चयन कर ‘जूनियर डेटा एनालिस्ट-फाइनेंशियल सर्विसेज’ पाठ्यक्रम का चयन करना होगा। पंजीयन की अंतिम तिथि 4 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। आईटीआई बालाघाट ने युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
आधुनिक डिजिटल कौशल में प्रशिक्षण प्राप्त कर युवा बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं एवं कॉर्पोरेट क्षेत्र में रोजगार के लिए अपनी उपयोगी दक्षताओं को विकसित कर सकेंगे।


