भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय द्वारा श्रमिकों के लिए भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत डिजिटल लेबर चौक मोबाइल एप्लिकेशन विकसित किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य दैनिक वेतन भोगी और निर्माण श्रमिकों को बिना किसी एजेंट के सीधे नियोक्ताओं और रोजगार के अवसरों से जोड़ना है। इस ऐप के माध्यम से श्रमिक घर बैठे डिजिटल तरीके से दैनिक कार्य के अवसर खोज सकते हैं, जिससे उन्हें भौतिक लेबर चौकों पर असुरक्षित खड़े रहने की आवश्यकता नहीं होगी।समग्र पंजीकृत नागरिक अपनी योग्यता और कौशल के अनुसार उपलब्ध नौकरियां खोज सकेंगे, वहीं दूसरी ओर नियोक्ता ठेकेदार, फैक्टरी मालिक या आम नागरिक अपनी आवश्यकता, स्थान और दैनिक मजदूरी ऐप पर स्पष्ट रूप से दर्ज कर सकेंगे। पूरी प्रक्रिया को सुरक्षित बनाने के लिए नियोक्ता अपनी फैक्टरी आईडी, दुकान लाइसेंस या ठेकेदार लाइसेंस के माध्यम से सत्यापित प्रोफाइल बनाकर जॉब पोस्ट करेंगे। कार्य पूरा होने के बाद दोनों पक्षों के लिए फीडबैक और रेटिंग तंत्र भी उपलब्ध कराया गया है, ताकि कार्य की गुणवत्ता और पारदर्शिता बनी रहे। डिजिटल लेबर चौक मोबाइल एप्लिकेशन क्यूआर कोड एवं गूगल प्ले स्टोर के माध्यम से डाउनलोड किया जा सकता है। सभी नियोक्ताओं एवं श्रमिकों से अपील की गई है कि डिजिटल लेबर चौक मोबाइल एप को डाउनलोड कर पंजीयन कराएं, जिससे कार्य की गुणवत्ता और पारदर्शिता बनी रहे।