भगवान बिरसा मुंडा ने अपने अदम्य साहस, संघर्ष और नेतृत्व क्षमता से जनजातीय समाज में स्वाभिमान एवं अधिकारों की चेतना जागृत की। उन्होंने अंग्रेजी शासन के शोषण और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करते हुए जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं, जल-जंगल-जमीन और अस्मिता की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए साहस, स्वाभिमान और संघर्ष की प्रेरणा है। यह बात प्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास एवं श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जनपद पंचायत गोटेगांव के ग्राम गुर्रा में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। कार्यक्रम स्थल पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने देखा और सुना।
मंत्री श्री पटेल ने कहा कि जनजातीय समाज ने सदियों तक अपनी संस्कृति, परंपराओं, स्वाभिमान और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष किया है। जनजातीय समाज का इतिहास साहस, दूरदर्शिता, प्रकृति प्रेम और अदम्य संकल्प का इतिहास है। उनके पूर्वजों ने अपने संघर्ष और बलिदान से इतिहास में अमिट स्थान बनाया है। आज आवश्यकता है कि नई पीढ़ी उनके गौरवशाली इतिहास, वीरता और योगदान को जाने तथा उनसे प्रेरणा लेकर अपनी संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का संकल्प ले।
मंत्री श्री पटेल ने कहा कि ग्राम गुर्रा में जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन जनजातीय समाज के जीवन, उनकी संवेदनशीलता, प्रकृति प्रेम और जल-जंगल-जमीन के प्रति उनके गहरे जुड़ाव को समझने का अवसर है। जनजातीय समाज की संस्कृति और जीवनशैली प्रकृति से अभिन्न रूप से जुड़ी हुई है। उनके लिए जंगल केवल प्राकृतिक संसाधन नहीं, बल्कि जीवन, संस्कृति और परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज ने मुगलकाल से लेकर अंग्रेजों के शासन तक विभिन्न कालखंडों में अपनी संस्कृति, पहचान और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उनके संघर्षों और संकल्पों को इतिहास के व्यापक परिप्रेक्ष्य में समझने की आवश्यकता है।
रानी दुर्गावती का शौर्य और बलिदान नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत
मंत्री श्री पटेल ने वीरांगना रानी दुर्गावती के शौर्य, दूरदर्शिता और बलिदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी अद्भुत साहस और रणनीतिक क्षमता का परिचय दिया। उनका जीवन स्वाभिमान, वीरता और मातृभूमि के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हमारी बेटियों और युवाओं को ऐसे वीर-वीरांगनाओं के जीवन एवं योगदान से परिचित कराना आवश्यक है, ताकि वे अपने गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा ले सकें।
जंगलों की रक्षा के लिए जनजातीय समाज ने दिया अद्वितीय बलिदान
मंत्री श्री पटेल ने जनजातीय समाज के प्रकृति प्रेम और जंगलों के संरक्षण के लिए किए गए ऐतिहासिक संघर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि वीरांगना रानी दुर्गावती ने मातृभूमि की रक्षा के लिए बलिदान दिया, वहीं 85 वर्ष के बादलभोई ने भी जंगलों की रक्षा के लिए अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष किया। उन्होंने सिवनी के ऐतिहासिक तुरिया सत्याग्रह का उल्लेख करते हुए बताया कि आंदोलनकारियों ने पेड़ों से चिपककर गोलियां खाईं, लेकिन जंगलों को कटने नहीं दिया। यह जनजातीय समाज की प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता, साहस और समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने छिंदवाड़ा, हर्रई, मंडला और दमोह सहित विभिन्न क्षेत्रों में जनजातीय समाज द्वारा किए गए ऐतिहासिक संघर्षों तथा जंगलों के संरक्षण से जुड़ी परंपराओं पर भी प्रकाश डाला।
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती सप्ताहभर पर्व के रूप में मनाने का संकल्प
मंत्री श्री पटेल ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जन्मजयंती को सप्ताहभर पर्व के रूप में मनाने का संकल्प लिया गया है। इसी क्रम में आगामी 19 नवंबर को तेंदूखेड़ा कृषि उपज मंडी में शहीद नरवर शाह एवं शहीद डेलन शाह की प्रतिमाओं का अनावरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अपने क्षेत्र के वीर बलिदानियों को याद रखना, उनके संघर्षों को जानना और उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हम उनके इतिहास, उद्देश्यों और बलिदान के महत्व को समझेंगे।
पूर्वजों की दूरदर्शिता, निष्ठा और त्याग से प्रेरणा लेने का आह्वान
मंत्री श्री पटेल ने पूर्वोत्तर भारत के एक राजवंशी परिवार के इतिहास का उल्लेख करते हुए राजा नरनारायण और उनके चाचा चिलाराय का प्रसंग साझा किया। उन्होंने बताया कि चिलाराय ने अपने भतीजे को राजा बनाकर स्वयं सेनापति के रूप में राज्य की रक्षा और विस्तार के लिए संघर्ष किया। यह प्रसंग निष्ठा, विश्वास, त्याग और कर्तव्यपरायणता का प्रेरक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वज दूरदर्शी, बहादुर और कुशल योजनाकार थे। उनके जीवन और संघर्षों से आज भी बहुत कुछ सीखने की आवश्यकता है।
सहयोगी सीताराम आदिवासी के स्वाभिमानी जीवन का भी किया उल्लेख
मंत्री श्री पटेल ने अपने सहयोगी सीताराम आदिवासी का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने सदैव स्वाभिमान के साथ जीवन जिया। उनका जीवन इस बात का उदाहरण है कि विपरीत परिस्थितियों में भी व्यक्ति को अपने आत्मसम्मान, मूल्यों और सिद्धांतों से समझौता नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की असली ताकत उसका स्वाभिमान, आत्मसम्मान, संस्कृति और अपनी परंपराओं के प्रति निष्ठा है।
जनजातीय विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी
मंत्री श्री पटेल ने कहा कि जनजातीय समाज ने पीढ़ियों से प्रकृति, जंगल और पर्यावरण की रक्षा के लिए संघर्ष किया है। उनकी संस्कृति, परंपराओं और जीवनशैली में प्रकृति के प्रति गहरा प्रेम और संवेदनशीलता दिखाई देती है। हमें जनजातीय समाज के साहस, समर्पण, संस्कृति और परंपराओं का सम्मान करते हुए उनके स्वाभिमान की रक्षा का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं द्वारा जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली विरासत पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से छात्राओं ने जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में राजा नरवर शाह के वंशज राजकुमार ठाकुर का शॉल पहनाकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर जनजातीय समाज के इतिहास, संस्कृति और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनजातीय समागम दिल्ली (वन बंधु) विशेषांक का विमोचन भी किया गया। उल्लेखनीय है कि ग्राम गुर्रा में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा की स्थापना मणिनागेंद्र सिंह फाउंडेशन द्वारा की गई है।
इस अवसर पर विधायक श्री महेंद्र नागेश, पूर्व राज्यमंत्री श्री जालम सिंह पटेल, मणिनागेंद्र सिंह फाउंडेशन के सचिव श्री सरदार सिंह पटेल, पूर्व विधायक श्री हाकम सिंह चढ़ार, समाजसेवी श्री रामसनेही पाठक, महंत श्री प्रीतम पुरी गोस्वामी, श्री अशोक मार्सकोले, श्री प्रकाश सिंह उइके, श्री सुभाष बड़ोले, श्री श्याम सिंह कुमरे, श्री घनश्याम मार्सकोले, श्रीमती लक्ष्मी ठाकुर, श्रीमती आशा झारिया, श्री मेलाराम ठाकुर, श्री रघुनाथ ठाकुर, श्री गुलाब ठाकुर एवं श्री घनश्याम ठाकुर सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गजेंद्र सिंह नागेश, एसडीएम श्री कल्पेश सिंघई, जनजातीय कार्य विभाग से श्रीमती निशा जैन एवं श्रीमती निधि नेमा सहित संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।





