मध्य प्रदेश सरकार द्वारा बुजुर्गों को तीर्थ कराने के लिये मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत आज 15 नवम्बर को एक विशेष ट्रेन रामेश्वरम् तीर्थ कराने के लिए भिण्ड रेलवे स्टेशन से 11:30 बजे रवाना हुई।

जनपद पंचायत भिण्ड अध्यक्ष श्रीमती सरोज बघेल ने फीता काटकर तीर्थ यात्रियों को ट्रेन में प्रवेश कराया और तीर्थ दर्शन यात्रा का शुभारंभ कर यात्रियों को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान एसडीएम भिण्ड श्री महेन्द्र सौजन्या, डिप्टी कलेक्टर श्री अखिलेश शर्मा, सीएमओ भिण्ड श्री वीरेन्द्र चक्रवर्ती, भिण्ड रेल प्रबंधन सहित तीर्थ यात्रियों के परिवारजन उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के द्वारा चलाई गई तीर्थ दर्शन योजना के तहत् जिले के लगभग 191 यात्रियों को रामेश्वरम् तीर्थ दर्शन का मौका मिला। तीर्थ यात्रियों को असुविधा न हो इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा जिला स्तरीय कंट्रोल रूम से निरंतर ट्रैकिंग की जा रही है एवं निरंतर समन्वय रखा जा रहा है। इस हेतु प्रभारी अधिकारी एवं कंट्रोल रूम प्रभारी भी नियुक्त किए गए हैं।