जनजातीय कार्य विभाग द्वारा जिले में संचालित छात्रावास, आश्रम एवं शैक्षणिक संस्थाओं के सुचारू संचालन एवं बेहतर व्यवस्थाओं के लिए मंडल संयोजकों का विकासखंडवार कार्य विभाजन किया गया है। कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देशानुसार सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग के के पाण्डेय द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किया गया है।
नवीन कार्य विभाजन के अनुसार बृजेन्द्र कुमार बुनकर मंडल संयोजक को सीधी विकासखंड, संजय सिंह चौहान प्रभारी मंडल संयोजक को मझौली एवं सिहावल तथा सजन सिंह प्रभारी मंडल संयोजक को कुसमी एवं रामपुर नैकिन विकासखंड का दायित्व सौंपा गया है।
सभी मंडल संयोजकों को अपने-अपने आवंटित विकासखंडों में संचालित छात्रावासों एवं आश्रमों का सतत निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें प्रत्येक माह कम से कम 15 छात्रावासों एवं आश्रमों का निरीक्षण कर निरीक्षण प्रतिवेदन कार्यालय में प्रस्तुत करना होगा।
निरीक्षण व्यवस्था का उद्देश्य छात्रावासों एवं आश्रमों में विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, व्यवस्थाओं तथा शैक्षणिक वातावरण की नियमित निगरानी सुनिश्चित करना है, ताकि संस्थाओं का संचालन सुचारू रूप से हो सके और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

