कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देशानुसार एवं जिला आयुष अधिकारी सीधी के नेतृत्व में 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत भुईमाड़ के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्थित संस्कृत भवन में जन स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में भुईमाड़ एवं आसपास के ग्रामों से बड़ी संख्या में ग्रामीणजन पहुंचे।
शिविर में कुल 352 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं आयुष चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से उपचार किया गया। आयुष चिकित्सा अधिकारियों ने ग्रामीणों को रोगों की रोकथाम, स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार-विहार एवं स्वास्थ्य संरक्षण के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। दैनिक जीवन में आयुष चिकित्सा पद्धतियों को अपनाने तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत भुईमाड़ की सरपंच ने भगवान धन्वंतरि का विधिवत पूजन-अर्चन किया। जिला आयुष अधिकारी डॉ. बैजनाथ प्रजापति के साथ डॉ. बसंत कुमार पनिका, डॉ. अनुराग सिंह, डॉ. रामकुमार गुप्ता, डॉ. प्रकाश कुमार तिवारी, डॉ. राजेश प्रजापति एवं नोडल अधिकारी अंगिरा प्रसाद द्विवेदी ने शिविर में सेवाएं दीं।
शिविर में पीएम जनमन टीम से डॉ. विकास माथुर, फिजियोथैरेपिस्ट अंकित सोनी, लैब तकनीशियन अश्वनी साकेत, एएनएम पूजा सिंह एवं नर्सिंग ऑफिसर रेखा सिंह ने भी स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग किया।
शिविर का उद्देश्य ग्रामीण अंचलों तक आयुष चिकित्सा पद्धतियों की पहुंच बढ़ाने के साथ आमजन को रोगों की रोकथाम और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के सफल आयोजन में बीआरसीसी अंगिरा प्रसाद द्विवेदी, प्राचार्य अंजलीलाल यादव एवं ग्राम पंचायत भुई माड़ के सचिव दीपक मिश्रा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
