राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन मध्य प्रदेश द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने एवं समुदाय तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वर्ष 2026-27 में ग्रामीण आशा कार्यकर्ताओं के नवीन चयन की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ पंकज दुबे ने जानकारी देकर बताया कि सिवनी जिले के कुल 48 ग्रामों में 48 ग्रामीण आशा कार्यकर्ताओं का चयन किया जाएगा। इच्छुक पात्र महिलाएं 16 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक मध्य प्रदेश ई-सेवा पोर्टल (mp.gov.in) के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।
आवेदन के लिए निर्धारित पात्रता एवं शर्तें: आयु सीमा: आवेदिका की आयु 21 से 45 वर्ष के मध्य होना अनिवार्य है जिसकी गणना 01 नवंबर 2026 की स्थिति में की जाएगी। शैक्षणिक योग्यता एवं वैवाहिक स्थिति: आवेदिका का न्यूनतम 10वीं कक्षा उत्तीर्ण, संबंधित ग्राम की मूल निवासी एवं विवाहित होना आवश्यक है। मूल निवास प्रमाण पत्र: मूल निवास प्रमाण पत्र 01 नवंबर 2026 के पूर्व जारी होना चाहिए।
चयन प्रक्रिया एवं प्राथमिकता के नियम सीएमएचओ डॉ पंकज दुबे ने बताया कि आशा चयन में सर्वाधिक शैक्षणिक योग्यता वाली विवाहित महिला को प्राथमिकता दी जाएगी। समान शैक्षणिक योग्यता होने की स्थिति में विधवा अथवा तलाकशुदा महिला, कम आयु एवं शैक्षणिक अंकों के आधार पर निर्धारित प्राथमिकता के अनुसार चयन किया जाएगा। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति बहुल ग्रामों में शासन की मार्गदर्शिका के अनुसार संबंधित समुदाय की महिला को प्राथमिकता प्रदान की जाएगी। चयन प्रक्रिया ग्रामसभा, विकासखंड स्तरीय समिति एवं जिला स्तरीय चयन समिति के माध्यम से निर्धारित नियमों के अनुसार पारदर्शी एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराई जाएगी।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा जारी ग्रामवार रिक्त पदों की सूची के अनुसार जिले में कुल 48 ग्रामों में आशा चयन होगा। जिसमें विकासखंड बरघाट में 13 ग्राम,विकासखंड लखनादौन में 09 ग्राम,विकासखंड घंसौर में 08 ग्राम,विकासखंड केवलारी में 06 ग्राम,विकासखंड सिवनी में 06 ग्राम,विकासखंड कुरई में 03 ग्राम,विकासखंड छपारा में 02 ग्राम,विकासखंड धनौरा में 01 ग्राम शामिल हैं।


