14 एमपी बटालियन एनसीसी विदिशा के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अंशुभान सिंह के निर्देशन एवं मार्गदर्शन तथा शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, विदिशा के प्राचार्य डॉ. बीडी अहिरवार के सहयोग से महाविद्यालय में स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत सेवा पखवाड़ा में स्वच्छता गतिविधि आयोजित की गई। कार्यक्रम का मुख्य विषय “ स्वच्छता ही सेवा है ” रहा।
इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स ने पूरे महाविद्यालय परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। एनसीसी कैडेट्स ने महाविद्यालय परिसर, उद्यानों एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की तथा एकत्रित कचरे को उचित स्थान पर एकत्र किया। महाविद्यालय परिसर को प्लास्टिक मुक्त एवं स्वच्छ बनाने के लिए कैडेट्स ने विशेष प्रयास किए।
स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश देने के लिए एनसीसी कैडेट्स ने पोस्टर एवं स्लोगन के माध्यम से विद्यार्थियों, स्टाफ एवं आमजन को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक किया। कैडेट्स ने अपने कार्यों के माध्यम से यह संदेश दिया कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बीडी अहिरवार एवं एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉक्टर विनीता प्रजापति ने एनसीसी कैडेट्स के साथ परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया, उनके साथ साफ सफाई की और अंत में महाविद्यालय की छात्राओं एवं स्टाफ को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल महाविद्यालय परिसर तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने आसपास के क्षेत्र, शहर, प्रदेश और देश को स्वच्छ रखना भी हम सभी का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। उन्होंने सभी से स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संयोजन एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. विनिता प्रजापति द्वारा किया गया। उन्होंने स्वयं एनसीसी कैडेट्स के साथ स्वच्छता अभियान में सहभागिता करते हुए परिसर की साफ-सफाई की और कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया। इस गतिविधि में पाई स्टॉफ हवलदार शीतल माणे एवं हवालदार जसवंत ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। महाविद्यालय के स्टाफ एवं छात्राओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए एनसीसी कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के माध्यम से महाविद्यालय परिसर को स्वच्छ रखने के साथ-साथ समाज में “ स्वच्छता ही सेवा है ” का प्रभावी संदेश प्रसारित किया गया।




