ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इन योजनाओं से प्रोत्साहन और सहायता प्राप्त कर महिलाएं खेती-किसानी के साथ पशुपालन एवं बागवानी जैसी गतिविधियों को अपनाकर अपनी आय में वृद्धि कर रही हैं। इससे न केवल उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है, बल्कि परिवार के जीवन स्तर में भी सुधार आ रहा है। रायसेन जिले के सिलवानी विकासखण्ड के ग्राम बेगवाकला निवासी जानकी बाई, सरकार की योजनाओं का लाभ पाकर ना सिर्फ आत्मनिर्भर बनी हैं बल्कि परिवार की आर्थिक उन्नति में भी योगदान दे रही हैं। श्रीमती जानकी बाई ने बताया कि उनके परिवार के पास तीन एकड़ कृषि भूमि है, जिसमें वह अपने पति के साथ मिलकर पारम्परिक तरीके से कृषि कार्य करते थे! लेकिन इससे होने वाली आमदनी से बमुश्किल ही जीवन यापन होता था। गांव में शिविर के दौरान सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी मिलने पर उन्होंने कृषि विभाग के विकासखण्ड कार्यालय में सम्पर्क किया। यहां आत्मा परियोजना के बीटीएम श्री रघुवीर सिंह कुशवाह द्वारा श्रीमती जानकी बाई को उन्नत कृषि तथा योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके बाद उन्होंने तथा उनके पति ने कृषि विज्ञान केन्द्र नकतरा तथा बनखेड़ी में प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण के बाद सब्जी की खेती करना शुरू किया, जिससे उन्हें अच्छी आमदनी होने लगी। श्रीमती जानकी कुशवाह ने बताया कि उनका बेटा भी कृषि कार्य में रूचि लेता है तथा सरकार की योजना के तहत उसने करनाल में उन्नत कृषि का प्रशिक्षण प्राप्त किया। साथ ही झांसी में भी मछली पालन और डेयरी पालन का प्रशिक्षण प्राप्त किया। जानकी बाई बताती हैं कि उन्होंने बलराम तालाब योजना अंतर्गत वर्ष 2023 में एक एकड़ में तालाब का निर्माण कराया तथा मछली पालन का कार्य शुरू किया। इससे उन्हें हर साल लगभग डेढ़ लाख रू की आय हो जाती है। इसके अलावा वह पशुपालन भी करती हैं। उनके पास अभी 09 दुधारू पशु है। इसी प्रकार जानकारी बाई ने नेट हाउस भी बनाया है जिसमें वह सब्जी की खेती कर रही है। जानकी बाई बताती है कि पारम्परिक तरीके से हटकर उन्नत तकनीक से खेती करना बहुत फायदेमंद है। उन्होंने अपने खेत में आम, कटहल, सीताफल के पेड़ भी लगा रखे हैं जिससे कि उन्हें अच्छी आमदनी हो जाती है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2020 के पहले उन्हें खेती से सालभर में बमुश्किल एक लाख रू तक की ही आमदनी हो पाती थी, लेकिन अब उन्हें सालभर में लगभग चार से पांच लाख रू तक आय हो जाती है। जिससे परिवार की आर्थिक उन्नति हुई है तथा जीवन स्तर में भी सुधार हुआ है। इसके लिए वह सरकार और कृषि विभाग के अधिकारियों का धन्यवाद देते हुए कहती है कि जिला कृषि अधिकारी और संचालक आत्मा परियोजना द्वारा उनके खेत का भ्रमण भी किया गया है।
किसान कल्याण एवं कृषि विकास
सरकार की योजनाओं से प्रोत्साहन और सहायता प्राप्त कर किसानों की जिंदगी में आ रहा बदलाव बेगवाकला निवासी जानकी बाई और उनके परिवार ने उन्नत खेती के साथ मत्स्य पालन और पशुपालन से बढ़ाई आमदनी

रायसेन · 14 अक्टूबर 2026 · 4 मिनट
खास बातें
- गांव में शिविर के दौरान सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी मिलने पर उन्होंने कृषि विभाग के विकासखण्ड कार्यालय में सम्पर्क किया।
- जानकी बाई बताती हैं कि उन्होंने बलराम तालाब योजना अंतर्गत वर्ष 2023 में एक एकड़ में तालाब का निर्माण कराया तथा मछली पालन का कार्य शुरू किया।
- इससे उन्हें हर साल लगभग डेढ़ लाख रू की आय हो जाती है।
