जनसुनवाई आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का ऐसा माध्यम है, जहां संवेदनशीलता और तत्परता के साथ की गई कार्रवाई लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकती है। मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय मुरैना में आयोजित जनसुनवाई में इसका उदाहरण देखने को मिला, जब सबलगढ़ निवासी 90 प्रतिशत स्थायी दिव्यांग श्री परिमाल पुत्र श्री चिरौंजीलाल खटीक को उनकी आवश्यकता के अनुरूप ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई गई।
जनसुनवाई में लगभग 60 वर्षीय श्री परिमाल ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव के समक्ष अपनी समस्या रखते हुए बताया कि एक पैर नहीं होने के कारण उन्हें चलने-फिरने तथा एक स्थान से दूसरे स्थान तक आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने आवागमन को सुगम बनाने के लिए ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। श्री भार्गव ने उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सीईओ जिला पंचायत के निर्देशों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संयुक्त कलेक्टर एवं सामाजिक न्याय विभाग के उप संचालक श्री आर.के. सिन्हा ने आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर श्री परिमाल को ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई। सीईओ जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव एवं संयुक्त कलेक्टर श्री आर.के. सिन्हा ने उन्हें ट्राईसाइकिल सौंपी। सहायता मिलने पर श्री परिमाल के चेहरे पर खुशी दिखाई दी।
सबलगढ़ नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 12, भैरोबाबा गली, बैनीपुरा निवासी श्री परिमाल ने बताया कि आवागमन में होने वाली कठिनाइयों के कारण उन्हें दैनिक गतिविधियों के लिए भी परेशानी उठानी पड़ती थी। ट्राईसाइकिल मिलने से अब उन्हें आने-जाने में सुविधा होगी और वे पहले की तुलना में अधिक आसानी से अपने आवश्यक कार्य कर सकेंगे। उन्होंने उनकी समस्या को गंभीरता से सुनकर त्वरित निराकरण कराने के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
जनसुनवाई के दौरान श्री परिमाल ने दिव्यांग पेंशन एवं वृद्धावस्था पेंशन का लाभ दिलाने का अनुरोध भी किया। इस पर संबंधित अधिकारियों को उनके आवेदन का नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।



