प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना ने ग्राम देवसरी, पोस्ट खटखरी, तहसील हनुमना निवासी अल्ताफ अंसारी के व्यवसाय को नई दिशा दी है। पहले किराने की दुकान संचालित करने वाले अल्ताफ ने योजना के तहत 30 लाख रुपये की स्वीकृत राशि और 10 लाख रुपये की मार्जिन मनी सहायता से ‘A1 काजू प्रसंस्करण इकाई’ स्थापित की। इकाई में आधुनिक मशीनों से काजू की सफाई, ग्रेडिंग, छिलाई, प्रसंस्करण और पैकेजिंग की जाती है। यहां तैयार उत्पाद स्थानीय बाजारों और आसपास के शहरों में पहुँचाए जा रहे हैं। इस उद्यम से छह स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है। ग्रामीण महिलाओं की भागीदारी से आजीविका के अवसर भी बढ़े हैं। अल्ताफ का लक्ष्य व्यवसाय का विस्तार कर उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुँचाना और अधिक लोगों को रोजगार देना है। उनकी सफलता शासकीय योजनाओं के सहयोग से स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने का उदाहरण है।


