भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद्, विकासखंड बिछुआ द्वारा महाविद्यालय बिछुआ में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और योगदान पर डाला प्रकाश- कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री किसना बोसम ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षपूर्ण जीवन, राष्ट्र एवं समाज के प्रति उनके समर्पण तथा जनजातीय समाज के अधिकारों और स्वाभिमान की रक्षा के लिए किए गए ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला। अतिथि श्रीमती रेखा कोवाची ने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए भगवान बिरसा मुंडा द्वारा किए गए संघर्ष तथा अंग्रेजों के अत्याचारों के विरुद्ध आवाज उठाकर समाज को संगठित करने के उनके प्रयासों की जानकारी दी। एमएसडब्ल्यू की छात्रा कु. सरला इवनाती ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन परिचय एवं समाज के लिए उनके योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए।
सामाजिक चेतना, शिक्षा और स्वाभिमान का दिया संदेश- परामर्शदाता श्री योगेश बोपचे ने भगवान बिरसा मुंडा के सामाजिक चेतना के प्रयासों का उल्लेख करते हुए समाज को अंधविश्वास से दूर रहकर शिक्षित एवं जागरूक बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जंगलों में उपलब्ध औषधीय जड़ी-बूटियों एवं आयुर्वेदिक वनस्पतियों के महत्व के प्रति भी जागरूक किया। श्रीमती सरिता सूर्यवंशी ने जनजातीय संस्कृति, परंपराओं एवं गौरवशाली विरासत के संरक्षण तथा समाज की मुख्यधारा में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
ब्लॉक समन्वयक श्री दीपक गेडाम ने भगवान बिरसा मुंडा के अतुलनीय योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी महान विभूतियों के विचारों और आदर्शों का अनुसरण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस सामाजिक चेतना, साहस, स्वाभिमान एवं अन्याय के विरुद्ध संघर्ष की प्रेरणा देता है। यह दिवस उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को स्मरण करने का अवसर भी है, जिन्होंने मातृभूमि के लिए अपना जीवन समर्पित किया।
कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थितजनों को भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को आत्मसात करने तथा जनजातीय समाज के सामाजिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक उत्थान में सक्रिय सहभागिता निभाने का संदेश दिया गया।
जनप्रतिनिधियों एवं विद्यार्थियों की रही सहभागिता- कार्यक्रम में नगर परिषद पार्षद श्रीमती प्रीति मालवीय एवं श्रीमती आरती गाकरे, जनप्रतिनिधि श्रीमती संध्या पवार सहित मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद् के परामर्शदाता श्री विशाल बघेले, श्रीमती कृष्णा, श्रीमती सुमन सोनकुंवर, श्री योगेश बोपचे तथा समाजकार्य के विद्यार्थीगण उपस्थित थे।



