खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत चौरई विकासखंड के ग्राम समसवाड़ा एवं ग्राम हथिनी में आज कृषि विभाग, आत्मा परियोजना एवं कृषि अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों द्वारा कृषकों के खेतों का भ्रमण किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने किसानों को नरवाई नहीं जलाने, फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करने तथा नरवाई से जैविक खाद तैयार कर खेतों की मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
ग्राम हथिनी के कृषक श्री दिलीप चौहान वर्ष 2016 से 4 एकड़ क्षेत्र में प्राकृतिक खेती कर रहे हैं। वे नरवाई से खाद तैयार कर उसका उपयोग खेती में कर रहे हैं। इसके साथ ही गन्ने की फसल में अंतर्वर्ती खेती के रूप में चुकंदर, मूली एवं गाजर का उत्पादन कर अतिरिक्त आय भी प्राप्त कर रहे हैं।
कृषक श्री दिलीप चौहान ने नरवाई प्रबंधन, प्राकृतिक खेती एवं फसल विविधीकरण को अपनाकर खेती को लाभकारी बनाने की दिशा में सराहनीय प्रयास किए हैं। उनके नवाचार एवं सफल खेती के तरीके ग्राम हथिनी के अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्रोत बने हुए हैं।
खेत बचाओ अभियान के माध्यम से किसानों को नरवाई जलाने से होने वाले मृदा एवं पर्यावरणीय नुकसान की जानकारी दी गई। साथ ही फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करने एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने का संदेश दिया गया।
भ्रमण के दौरान उपसंचालक कृषि श्री मॉरिस नाथ, परियोजना संचालक आत्मा श्री धीरज ठाकुर, कृषि अभियांत्रिकी के श्री अश्वनी सिंह, अनुविभागीय अधिकारी श्री नीलकंठ पटवारी, सहायक संचालक श्री सी.एम. अवस्थी, आंचलिक अनुसंधान केंद्र के वैज्ञानिक श्री संत शर्मा एवं विकासखंड स्तरीय कर्मचारी उपस्थित थे।



